लखनऊ(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि कोरोना संक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इस सम्बन्ध में थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। इसे ध्यान में रखकर कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्यमंत्री सोमवार को यहां लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उनको अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 40 नए मामले सामने आये हैं। इसी अवधि में 99 संक्रमित व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमण के सम्बन्ध में विशेषज्ञों के भविष्य के आकलनों के दृष्टिगत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर सम्पन्न किया जाए। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में अग्नि शमन व्यवस्था की समीक्षा किये जाने के निर्देश भी दिये।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निजी संस्थानों द्वारा ट्रॉमा सेण्टर तथा सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के नाम पर अधोमानक सेवाएं दिये जाने के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने जनसामान्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के सम्बन्ध में संवेदनहीनता बरतने तथा अधोमानक सेवाएं देने वाले ऐसे निजी चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण के सम्बन्ध में भविष्य के आकलनों के दृष्टिगत बड़ी संख्या में कोरोना वैक्सीनेशन कराये जाने पर बल देते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन की निरन्तर एवं पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कोरोना टीकाकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
