Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र परिवहन निगम दो नवम्बर से चलाएगा दीपावली और छठ स्पेशल बसें

उप्र परिवहन निगम दो नवम्बर से चलाएगा दीपावली और छठ स्पेशल बसें

-उप्र परिवहन निगम 10 दिनों तक चलाएगा दीपावली और छठ स्पेशल बसें

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम(रोडवेज) दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल बसों का संचालन 02 से 11 नवम्बर तक करेगा। इस बार दीपावली चार और छठ पर्व 10 नवम्बर को मनाया जाएगा।

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक नवदीप रिणवा ने दीपावली और छठ पर्व पर 02 से 11 नवम्बर तक अतिरिक्त स्पेशल बसों के संचालन का निर्देश गुरुवार को जारी कर दिया है। प्रदेश के सभी क्षेत्रीय प्रबन्धकों को भेजे गए निर्देश में कहा है कि उपरोक्त अवधि में बस स्टेशनों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ होगी। इसलिए प्रदेश के बस स्टेशनों पर यात्रियों के बैठने की अतिरिक्त व्यवस्था,पीने के स्वच्छ पानी की व्यवस्था,बसों के आवागमन संबंधी सूचना,महिलाओं एवं पुरूषों के शौचालय संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय प्रबन्धक और सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक डिपो की होगी। त्योहारों की अवधि के दौरान वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक बस स्टेशन और डिपो में उपस्थित रह कर संचालन व्यवस्था बनाये रखेगें।

उन्होंने ने 02 से 11 नवम्बर के दौरान अनुबन्धित बसों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित कराने और अवकाश स्वीकृति नहीं करने का निर्देश दिया है। इस दौरान परिवहन निगम से जुड़ी बसों के वाहन मालिक अपने वाहनों में आवश्यक मरम्मत कराकर प्रत्येक दशा में संचालन के लिए उपलब्ध कराएंगे। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबन्धक और सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक द्वारा अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा।

इस अवधि के दौरान प्रदेश के सभी प्रारम्भिक बस स्टेशनों से समस्त बसों की बुकिंग कर यात्रियों के टिकट बनाये जाने के बाद पंजिका संख्या एवं आय अंकन कर बसों का प्रस्थान कराया जाएगा। ताकि न्यूनतम निर्धारित संख्या में यात्री लेकर ही बसें प्रस्थान कर सकें। मार्ग में पड़ने वाले सभी बस स्टॉपों से यात्रियों को लिया जाएगा। 02 से 11 नवम्बर के दौरान चालकों-परिचालकों के नियमित और मानकों के अनुसार ड्यूटी करने पर विशेष प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular