-लखनऊ क्षेत्र के बस अड्डों से 160 एसी बसों का संचालन शुरू
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने गर्मी के मौसम को देखते हुए एसी बसों के बेड़े को बढ़ाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा लखनऊ क्षेत्र के बस अड्डों से करीब 160 एसी बसों का संचालन शुरू हो गया है।
परिवहन निगम प्रशासन ने गर्मी के मौसम को देखते हुए लखनऊ क्षेत्र के प्रमुख बस स्टेशनों से करीब 160 एसी बसों का संचालन शुरू कर दिया है। इनमें वाॅल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ, पवनहंस और स्लीपर कैटेगरी की एसी बसें शामिल हैं। इन एसी बसों में सीटों की ऑनलाइन बुकिंग परिवहन निगम की वेबसाइट www.onlineupsrtc.co.in पर जाकर की जा सकती हैं। फिलहाल लखनऊ के आलमबाग बस टर्मिनल, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से वाराणसी, प्रयागराज, बलिया, गोरखपुर, दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, देहरादून, हरिद्वार, अयोध्या, आगरा, बरेली, चित्रकूट, झांसी, आजमगढ़, मुरादाबाद आदि रूटों पर एसी बसें चल रही हैं।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक आरपी सिंह का कहना है कि मांग के अनुरूप एसी बसें कम हैं। फिर भी गर्मी के मौसम को देखते करीब 774 एसी बसों के बेड़े (फ्लीट) को तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा रोडवेज के एसी बसों के बेड़े को और बढ़ाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दीपक
