लखनऊ (हि.स.)। वृक्षारोपण जन आंदोलन-2021 में वन विभाग ने 13 और नई पौध प्रजातियों को जोड़ा है। इसमें पपीता, गिलोय, करी पत्ता आदि को शामिल किया गया है। इन प्रजातियों को लेकर अब 121 प्रजातियों के पौधे हो गये हैं, जिन्हे वन विभाग लगाकर इस वर्ष के 30 करोड़ पौध रोपण का लक्ष्य पूरा करेगा।
इस संबंध में मंगलवार को आईएफएस मुकेश कुमार ने बताया कि वन विभाग ने विभिन्न पौधशालाओं में कृष्णा सिरस, करधई, बुद्धा बांस, बालकोआ बांस, वंश लोचन बांस, विशाल बांस, गोल्डन बांस, वन खजूर, किन्नू, चकोतरा, पपीता, गिलोय, करी पत्ता भी लगाने का फैसला किया है। पहले से तय 108 प्रजातियों के पौध नर्सरी में लगाने की तैयारी भी चल रही है। उनमें प्रमुख बरगद, सिसम, सागौन, पीपल आदि हैं।
