Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उप्र न्यायिक सेवा सिविल जज का परिणाम घोषित, सफल हुईं 55 प्रतिशत...

 उप्र न्यायिक सेवा सिविल जज का परिणाम घोषित, सफल हुईं 55 प्रतिशत महिलाएं

प्रयागराज(हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज ने बुधवार को उप्र न्यायिक सेवा सिविल जज परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 303 रिक्तियों के सापेक्ष 302 अभ्यर्थी सफल घोषित किये गये हैं। एक का परिणाम उच्चतम न्यायालय में योजित रिट पिटीशन सिविल संख्या 581/2023 में पारित अन्तरिम आदेश के आलोक में घोषित नहीं किया गया है।

आयोग के सचिव देवी प्रसाद पाल ने बताया है कि उप्र न्यायिक सेवा सिविल जज (जू.डि) परीक्षा 2022 की प्री परीक्षा 12 फरवरी, 2023 को हुआ था। जिसमें कुल 50,837 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। परिणाम 16 मार्च 2023 को घोषित हुआ। जिसके आधार पर कुल 3145 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। जिसमें कुल 3019 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। मुख्य परीक्षा का परिणाम 01 अगस्त, 2023 को घोषित हुआ। जिसके आधार पर 959 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चुना गया। उक्त अभ्यर्थियों का इण्टरव्यू 16 से 28 अगस्त, 2023 तक हुआ। सभी अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

सचिव ने बताया कि उक्त परीक्षा के आधार पर 303 रिक्तियों के सापेक्ष 302 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। जिनमें कुल 165 महिला अभ्यर्थी (55 प्रतिशत) सफल घोषित हुई हैं। टॉप 20 में भी 15 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया है कि जिन अभ्यर्थियों के सम्मुख प्रोविजनल अंकित है, उनसे अपेक्षा है कि वे निर्धारित समय पर वांछित अभिलेख आयोग कार्यालय में अवश्य प्रस्तुत कर दें। अन्यथा उनका चयन निरस्त कर दिया जायेगा।

विद्या कान्त/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular