लखनऊ (हि.स.)। योगी सरकार ने राज्य के नौ जनपदों अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बस्ती, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, गोण्डा तथा मिर्जापुर के लिए व्यक्तियों के एक निकाय का गठन किया है। इसे सम्बन्धित जनपदों का नागरिक सुरक्षा कोर कहा जायेगा। सम्बन्धित जनपदों के जिला मजिस्ट्रेटों को इन सुरक्षा कोरों का समादेशन करने के लिए नियंत्रक के रूप में नियुक्त किया है।
अपर मुख्य सचिव नागरिक सुरक्षा राजन शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि सरकार ने नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 1968 (अधिनियमसंख्या, 27 सन् 1968) की धारा 4 की उपधारा (1) के अधीन शक्तियों का प्रयोग करके यह निर्णय किया है। इन जिलों के जिला मजिस्ट्रेट अधिनियम की धारा 4 की उपधारा (1) और नागरिक सुरक्षा नियमावली, 1968 के नियम 19 के उपनियम (1) के अधीन शक्तियों का प्रयोग करने के लिए प्राधिकृत किये गये हैं।
