लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में चौबीस घंटे के भीतर हुए सड़क हादसो में अब तक 22 लोगों की जान जा चुकी है। जनपद कौशाम्बी में आठ,श्रावस्ती में तीन, ललितपुर, झांसी, सिद्धार्थनगर में दो-दो लोगों की मौत हुई है। जबकि कानपुर, सुल्तानपुर, फिरोजाबाद, बदायू और चंदौली एक-एक लोगों की जान गई है। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी सड़क हादसे में अपना दुख प्रकट किया था।
कौशाम्बी में खड़ी स्कार्पियों में पलटा ट्रक, आठ मरे
जनपद कौशांबी में कड़ा कोतवाली के देवीगंज चौराहे क्षेत्र में बुधवार की सुबह गिट्टी लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी स्कार्पियो के ऊपर पलट गया। हादसे में प्रयागराज जनपद के रामानंद नगर निवासी शशि देवी (35), ओम गुप्ता (10), राजरूपपुर धूमनगंज निवासी प्रकाशनी (50), नेहा उर्फ रिचा गुप्ता (28), कौशाम्बी के शहजादपुर निवासी पूनम देवी(40), कौशाम्बी के शाहजहापुर निवासी स्नेहा गुप्ता उर्फ मुस्कान (15), इसी जनपद की रहने वाली सोमा तिवारी (16) और मऊ बालक मऊ कोखराज निवासी कार चालक शिवराज (24) की मौत हुई है। जबकि खुशी और श्वेता बाल-बाल बच गयी है।
पुलिस के मुताबिक, कोखराज के शहजादपुर गांव निवासी मोहनलाल गुप्ता (रिटायर सचिव सहकारी समिति) के बेटे पंकज अग्रहरि की मंगलवार को शादी थी। बारात कड़ा कोतवाली के देवीगंज स्थित एक गेस्ट हाउस गई थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद बुधवार को सुबह करीब चार बजे नागपुर (महाराष्ट्र) में रहने वाले रिश्तेदार की स्कार्पियो कार से वापस लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया। मरने वालों में दूल्हे के सगे रिश्तेदार बताये जा रहे हैं।
श्रावस्ती में तीन की मौत
जनपद के भिनगा कोतवाली क्षेत्र स्थित गुलरा गेस्ट हाउस के पास बुधवार को एक अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों की शिनाख्त 21 वर्षीय रामचरण उसकी पत्नी रुकमा(19) और बहन सुशीला के रुप में की है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर घायल सुशीला के छह माह के बेटे अवधेश को अस्पताल में भर्ती कराया है।
इन जिलों में हुए हादसे, हुई दो-दो लोगों की मौत
प्रदेश के जनपद ललितपुर में मंगलवार की देर रात को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी है। इनकी पहचान महरौनी कोतवाली के ग्राम सुकाड़ी निवासी चन्द्रभान (39) और साथी बृजेश के रुप में हुई है। इनके अलावा झांसी जिले के में सीपरी बाजार के झांसी-शिवपुरी मार्ग पर टायर फटने से डीसीएम पुल के नीचे गिर गयी। इस हादसे में नीरज कुशवाह (25) और शोएब (30) की मौत हुई है। इसी तरह सिद्धार्थनगर जनपद में बुधवार को जोगिया के पकड़ी-जोगिया मार्ग के पास हादसा हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान में पुलिस जुटी हुई है।
इन जिलों में हुई एक-एक मौतें
मार्ग दुर्घटनाओं के क्रम को जारी रखते हुए जनपद कानपुर के गोविन्दनगर थाना क्षेत्र स्थित दादा नगर फैक्टरी एरिया में बुधवार को हुए सड़क हादसे में बर्रा सात में रहने वाली शशि गुप्ता की मौत हुई है। फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र स्थित राघव कोल्ड पाढ़म के पास कैंटर की टक्कर से मोटर साइकिल सवार की आकाश की मौत हो गयी है। जबकि उसका साथी मान सिंह घायल हुआ है। इसी तरह बदायू, सुल्तानपुर और चंदौली में एक-एक लोगों की मौत हुई है।
