Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: कोरोना संक्रमण का स्तर पता लगाने को 13-27 मार्च तक चलाया...

उप्र: कोरोना संक्रमण का स्तर पता लगाने को 13-27 मार्च तक चलाया जाएगा फोकस टेस्टिंग अभियान

-अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी जिलों में तीन-तीन बूथ पर केवल महिलाओं का होगा टीकाकरण
-प्रदेश में अब तक 20.15 लाख लोगों को लग चुकी है वैक्सीन की डोज-बीते चौबीस घंटे में संक्रमण के 117 नये मामले आये सामने, 1,647 सक्रिय मामले
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना संक्रमण का स्तर पता लगाने के लिए 13 से 27 मार्च तक एक बार फिर फोकस टेस्टिंग का अभियान चलाया जायेगा। होली के दौरान जो लोग बाहर से आएंगे एवं जो उन राज्यों से आएंगे जहां संक्रमण बढ़ रहा है, उन लोगों की जांच की जाएगी। जो लोग होली का सामान, दुकानों पर काम करते हैं उनकी भी जांच की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि प्रदेश में 13 मार्च से 27 मार्च तक फोकस टेस्टिंग अभियान में रंग-पिचकारी बेचने वाले, ढाबा-रेस्टोरेंट में काम करने वाले, शराब-भांग आदि की दुकान पर काम करने वालों की टेस्टिंग की जायेगी। 
उन्होंने बताया कि कल 08 मार्च को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश में महिलाओं के लिए अनूठी पहल की जा रही है। सभी 75 जनपदों में तीन-तीन वैक्सीन बूथों पर सिर्फ महिला स्वास्थ्य कर्मी होंगी जिनके द्वारा बूथ पर आने वाली 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं तथा 45 से 60 वर्ष की आयु वाली महिलाएं जो पहले से चिह्नित बीमारियों से ग्रसित है, उनका वैक्सीनेशन किया जायेगा।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों का वैक्सीनेशन चल रहा है। 45 से 60 वर्ष की आयु वाले लोग जो पहले से चिह्नित बीमारियों से ग्रसित हैं उनका भी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंट लाइन कर्मियों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को मिलाकर 20,15,144 लोगों को वैक्सीन की डोज लग चुकी है जिसमें 14,85,893 को प्रथम डोज तथा 5,29,251 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लग चुकी है। 
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्राइवेट चिकित्सालयों में रुपये 250 प्रति डोज नियत की गयी है। 250 रुपये से अधिक मांगे जाते हैं, तो जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी को सूचित करे। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में कोई भी व्यक्ति पहुंचकर अपना नि:शुल्क वैक्सीनेशन करा सकता है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 117 नये मामले सामने आये हैं। इसी दौरान 191 लोग स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। नए मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या अधिक बनी हुई। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 1,647 हो गई है।
प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,08,486 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 3,20,86,306 सैम्पल की जांच की गयी है। 
उन्होंने बताया कि कुल सक्रिय मामलों में से 707 लोग होम आइसोलेशन में हैं। निजी चिकित्सालयों में 82 लोग इलाज करा रहे हैं, इसके अतिरिक्त मरीज सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 5,93,895 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,906 क्षेत्रों में 5,12,275 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,96,780 घरों के 15,29,30,526 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।
प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 4,737 लोगों ने तथा अब तक कुल 5,96,489 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। 
श्री प्रसाद ने कहा कि कई राज्यों एवं देशों में कोरोना के नये केस बड़ी संख्या में निरन्तर आ रहे हैं। ऐसे में प्रदेशवासी सावधान रहें तथा किसी प्रकार की लापरवाही न करें। प्रदेश में संक्रमण कम हुआ है, समाप्त नहीं हुआ है। सभी प्रदेशवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करें, साबुन-पानी से हाथ धोते रहें तथा दो गज की दूरी बनाते हुए कोविड प्रोटोकाल का पूर्णतया पालन करें। 
किसी प्रकार की समस्या होने पर स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन नम्बर 18001805145 पर सम्पर्क कर सकते हैं। प्रदेश में वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के अपने नजदीकी सरकारी केन्द्र पर टीका मुफ्त में लगाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular