Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र के 3.6 करोड़ राशन कार्डधारकों को जल्द मिलेगी डिजी लाॅकर की...

उप्र के 3.6 करोड़ राशन कार्डधारकों को जल्द मिलेगी डिजी लाॅकर की सुविधा

-सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने 100 दिन के कार्ययोजना में किया शामिल

-लोगों को तकनीक का लाभ पहुंचाने के प्रयास में जुटी योगी सरकार

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के राशन कार्डधारकों को बड़ी सुविधा देने जा रही है। राशन कार्ड धारकों को अब देश में कहीं भी राशन लेने में असुविधा नहीं होगी। कोटेदार भी राशन कार्ड में कमियों का बहाना बनाकर अब टालमटोल नहीं कर सकेंगे। राज्य सरकार प्रदेश के 3.6 करोड़ राशन कार्ड धारकों को जल्द ही डिजी लाकर उपलब्ध कराएगी। इसके लिए सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने इसे अपनी 100 दिन के कार्ययोजना में शामिल किया है।

डिजी लाॅकर में राशन कार्ड रखने से लोगों को बड़ा लाभ यह होगा कि वन नेशन वन कार्ड योजना के तहत देश में कहीं भी राशन मिलने में आसानी होगी। राशन कार्ड के खोने, खराब होने या फटने का डर भी नहीं होगा। वहीं सरकारी सस्ते गल्ले पर दुकानदार राशन कार्ड में कमी का बहाना बनाकर राशन देने से इनकार नहीं कर सकेगा। इसके अलावा राशन लेने की जानकारी राशन कार्ड पर डिजिटली दर्ज हो सकेगी। प्रदेश में 3.6 करोड़ लोगों के राशन कार्ड के लिए डिजी लाॅकर उपलब्ध कराने के लिए सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिजी लाॅकर एक नजर में

डिजी लाॅकर एक वर्चुअल लाकर होता है, इसमें जरूरी दस्तावेज जैसे कि पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी कार्ड आदि सुरक्षित कर सकते हैं। इसमें अकाउंट बनाने के लिए आधार कार्ड जरूरी होता है। इसमें कई तरह के सरकारी प्रमाण पत्र आदि भी स्टोर कर सकते हैं। दस्तावेज को लेकर लोगों को यात्रा करने में मुश्किल होती है। अगर दस्तावेज खो जाएं तो उसे दोबारा बनवाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में डिजी लाॅकर की सुविधा का उपयोग कर अपने दस्तावेज को सुरक्षित किया जा सकता है और दस्तावेज लेकर यात्रा करने से भी बचा जा सकता है।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular