Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र के विधानसभा अध्यक्ष का योग के बाद ब्रेड-मक्खन लगाने का वीडियो...

उप्र के विधानसभा अध्यक्ष का योग के बाद ब्रेड-मक्खन लगाने का वीडियो वायरल

कानपुर(हि.स.)। उप्र के कानपुर में लोग उस समय दंग रह गए जब उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष एक ठेले में ब्रेड पर मक्खन लगाते नजर आए। पहले तो किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि यह विधानसभा अध्यक्ष हैं। इसकी खबर आसपास लगते ही दुकान पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने वीडियो बनाया और फिर उसे वायरल कर दिया।

दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार की सुबह नवाबगंज के कम्पनी बाग चौराहे पर ब्रेड मक्खन और मठ्ठा के ठेले पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने दुकानदार से हालचाल पूछा और अपने हाथ से दो दर्जन लोगों को ब्रेड मक्खन खिलाया और खुद खाया। विधानसभा अध्यक्ष को ब्रेड मक्खन के ठेले पर देखकर आसपास निकल रहे लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। विधानसभा अध्यक्ष के हाथ से ब्रेड मक्खन खाने के लिए हर कोई आतुर दिखा।

योग के बाद पहुंचे थे महाना

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ग्रीन पार्क से योग उत्सव का उद्घाटन करके निकले थे। इस दौरान उन्हें विष्णुपुरी निवासी सुरेश का ब्रेड मक्खन का ठेला दिख गया, जहां सुरेश खुद ब्रेड पर मक्खन लगा लगाकर दे रहा था। इसके बाद सतीश महाना ठेले पर जाकर खुद ब्रेड मक्खन लगाकर देने लगे और आसपास खड़े लोगों को भी ब्रेड मक्खन लगाकर खिलाया।

30 वर्षों से कम्पनी बाग चौराहे पर ठेला लगाने वाला सुरेश ने बताया कि इस चौराहे से रोज वीआईपी और जनप्रतिनिधि निकलते है लेकिन कभी कोई उनके ठेले पर रुका नहीं, लेकिन आज विधानसभा अध्यक्ष का काफिला जब ठेले पर रुका तो उसे विश्वास ही नहीं हुआ। विधानसभा अध्यक्ष खुद ठेले पर आये तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का ठेले पर ब्रेड पर मक्खन लगाने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। जहां लोग वीडियो को तेजी से शेयर कर रहे हैं।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular