Thursday, March 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र के विकास के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पबद्ध : केशव मौर्य

उप्र के विकास के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पबद्ध : केशव मौर्य

-उपमुख्यमंत्री ने संगम नगरी में आरओबी और निरीक्षण भवन का किया शिलान्यास
प्रयागराज (हि. स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज में मम्फोर्डगंज बलरामपुर हाउस से सलोरी मार्ग पर दो लेन रेल उपरिगामी सेतु का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस सेतु की कुल लागत 52.80 करोड़ एवं लंबाई 738 मी. है। इस आरओबी के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आने जाने में होने वाली समस्याओं से निजात मिलेगी। 
केशव मौर्य ने भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में विकास करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध व संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों व सर्व समाज के कल्याण व उनके हितों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। 
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल सेक्टर के क्षेत्र में भी अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने में मदद करें। कहा कि उत्तर प्रदेश में नई सड़कों के निर्माण के साथ-साथ बड़े पैमाने पर सड़कों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। यही नहीं पुल, पुलियों, आरओबी व फ्लाई ओवरों तथा बाईपास का भी निर्माण पूरी गतिशीलता के साथ किया जा रहा है।
केशव  मौर्य ने प्रयागराज में 691.29 लाख रुपए की लागत से बनने वाले निरीक्षण भवन का भी शिलान्यास किया। 4 फ्लोर के बनने वाले इस निरीक्षण भवन में 28 सूट होंगे। इससे पहले उन्होंने केसर भवन पहुंचकर चंपत राय जी से शिष्टाचार भेंट की। 
उन्होंने अरुण कुमार मिश्र उर्फ पिंटू जी के आवास पहुंचकर उनके पिता जी को पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की l उपमुख्यमंत्री  ने प्रयागराज में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों प्रस्थान करने के पूर्व आवास पहुंचेl उन्होंने स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनी और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
  
Submitted By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular