Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र के बजट में मेट्रो विस्तार पर योगी सरकार का फोकस

उप्र के बजट में मेट्रो विस्तार पर योगी सरकार का फोकस

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट गुरुवार को प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पेश किया। बजट में प्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रहे मेट्रो कार्यों के विस्तार पर योगी सरकार का फोकस है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने बजट भाषण में बताया कि यूपी पांच एक्सप्रेस-वे वाला देश का पहला प्रदेश बन गया है। साथ ही प्रदेश में पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे भी अब बनकर तैयार हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि लखनऊ और वाराणसी में वर्तमान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के अलावा कुशीनगर में नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बना रहा है। जेवर में नोएडा ग्रीन फील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ प्रदेश में जल्द ही पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन जाएंगे।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में मेट्रो ट्रेन के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। वाराणसी और गोरखपुर में मेट्रो रेल शुरू करने के लिए 100 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। कानपुर मेट्रो रेल के विस्तार के लिए 747 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है, जबकि आगरा मेट्रो रेल के विस्तार के लिए 597 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इसके अलावा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के लिए 1,306 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। फिलहाल योगी सरकार ने पहले कार्यकाल के मेट्रो कार्यों के लिए बजट आवंटित कर मेट्रो विस्तार के अपने संकल्प को दोहराया है। योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल में बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर खासा जोर दिया गया है।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular