Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र के चार जनपदों में कोरोना संक्रमण के मिले सात नए केस

उप्र के चार जनपदों में कोरोना संक्रमण के मिले सात नए केस

लखनऊ(हि.स.)। एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। विगत 24 घंटे में हुई 01 लाख 69 हजार 500 सैम्पल की टेस्टिंग में 71 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया। मात्र 04 जनपदों में 07 नए संक्रमित मरीज पाए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कोविड-19 प्रबंधन की टीम-09 को दिशा-निर्देश देते हुए कही।

इसी अवधि में 06 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 176 रह गई है। 16 लाख 86 हजार 712 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। यह सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ाने का कारक बन सकती है। ऐसे में दूसरे प्रदेशों से उत्तर प्रदेश आ रहे लोगों की कोविड जांच सुनिश्चित कराएं।

कोविड से बचाव के लिए प्रदेश में टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। 55 फीसदी से अधिक लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज प्राप्त कर ली है। दूसरी डोज लगाने के लिए विशेष अभियान की जरूरत है। इस दिशा में नियोजित कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार कोशिशों से कोरोना की दूसरी लहर पर बने प्रभावी नियंत्रण के बीच जनजीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। आज प्रदेश के 31 जनपदों (अलीगढ़, अमेठी, अमरोहा, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बदायूं, बागपत, बलिया, बांदा, बहराइच, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, महोबा, मीरजापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, संतकबीरनगर, शामली, श्रावस्ती, सीतापुर और सोनभद्र) में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक 07 करोड़ 79 लाख 68 हजार 360 सैम्पल की कोविड जांच की जा चुकी है। औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहें हैं, जबकि दैनिक पॉजिटिविटी दर 0.01 से भी कम और रिकवरी दर 98.8 फीसदी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular