Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र के औद्योगिक क्षेत्रों के रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण : नन्दी

उप्र के औद्योगिक क्षेत्रों के रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण : नन्दी

-औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

-महाकुंभ 2025 के दौरान स्पेशल ट्रेनों के संचालन और बेहतर सुविधाओं पर हुई चर्चा

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने दिल्ली में भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाक़ात की। इस दौरान रेल मंत्री ने नन्दी को बताया कि उप्र के औद्योगिक क्षेत्रों के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।

मंत्री नन्दी ने शुक्रवार को यहां बताया कि मुलाकात के दौरान जब उन्होंने रेल मंत्री से उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की चर्चा की तो अश्विनी वैष्णव ने प्रदेश के कई महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों के आस-पास के रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की योजना के बारे में विस्तार से बताया।

इस मुलाकात के दौरान 2025 में प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुम्भ के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन पर भी चर्चा हुई। इस पर रेल मंत्री ने कहा कि महाकुंभ 2025 के लिए रेल मंत्रालय अभी से जुट गया है। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के दौरान देश के विभिन्न रूटों पर महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

रेल मंत्री ने नन्दी को यह भी बताया कि महाकुंभ के आयोजन से पहले प्रयागराज रेलवे स्टेशन के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किए जायेंगें, ताकि देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर से आने वाले तीर्थ यात्रियों को कोई दिक्कत न हो। मंत्री नन्दी ने रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंत्री नन्दी की रेल मंत्री से यह मुलाक़ात दिल्ली स्थित संचार भवन में हुई। नन्दी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को प्रयागराज और उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से बुके व शाल देकर उनका अभिनंदन भी किया।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular