Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: अब तक 2.95 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई गई वैक्सीन, मुख्यमंत्री योगी...

उप्र: अब तक 2.95 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई गई वैक्सीन, मुख्यमंत्री योगी बोले 05 फरवरी तक पूरा हो कार्य

लखनऊ(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में स्वास्थ्यकर्मियों के कोरोना टीकाकरण कार्य को 05 फरवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। राज्य में अब तक 2.95 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का टीकाकरण किया जा रहा है। इस कार्य को पूरी गति से संचालित करते हुए आगामी 04 व 05 फरवरी को शेष स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को यहां लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण के पश्चात कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण किया जाना है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। उन्होंने कोरोना टीकाकरण कार्य को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं क्रम के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज किए जाने के बावजूद अभी भी प्रत्येक स्तर पर पूरी सजगता बरतना आवश्यक है। इसलिए लोगों को कोरोना से बचाव के बारे में निरन्तर जागरूक किया जाए। जनता को मास्क के अनिवार्य रूप से उपयोग तथा शारीरिक दूरी का पालन करने की जानकारी दी जाए। जागरूकता सृजन के लिए प्रचार माध्यमों के साथ-साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग जारी रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने में टेस्टिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके मद्देनजर प्रदेश में कोरोना का टेस्टिंग कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, सर्विलांस सिस्टम तथा इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कन्ट्रोल सेन्टर को प्रभावी रखा जाए। उन्होंने कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular