Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: अब तक 12.18 लाख मीट्रिक टन धान खरीद, 2.13 लाख किसान...

उप्र: अब तक 12.18 लाख मीट्रिक टन धान खरीद, 2.13 लाख किसान हुए लाभान्वित

-किसानों को किया गया 1338.36 करोड़ का भुगतान

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने मूल्य समर्थन योजना के तहत स्थापित किये गये धान क्रय केन्द्रों के माध्यम से, अब तक 1218107.60 मीट्रिक टन धान किसानों से सीधे क्रय किया है। गत वर्ष इस अवधि में 732749.41 मीट्रिक टन धान की खरीद की गयी थी। पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इस वर्ष लगभग डेढ़ गुना अधिक खरीद हुई है। इस योजना से अब तक 2,13,255 किसान लाभान्वित हुए हैं तथा किसानों को 1338.36 करोड़ रूपये का भुगतान उनके खातों में सीधे किया गया है।
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार आज 116313.85 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। प्रदेश सरकार ने खरीफ क्रय वर्ष 2020-21 के अन्तर्गत 55 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है, जिसके सापेक्ष अब तक करीब 22.15 प्रतिशत खरीद की जा चुकी है।
अब तक 9477.38 मीट्रिक टन हुई मक्का की खरीद
इसके साथ ही खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत अब तक 9477.38 मीट्रिक टन से अधिक मक्का खरीद हुई है। इस योजना से 2184 किसान लाभान्वित हुए हैं। किसानों को करीब 1302.15 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
आज 704.30 मक्का खरीद हुई है। मक्का खरीद के लिए 108 क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 79 केन्द्रों में खरीद हुई है। उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत एक लाख मीट्रिक टन मक्का खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जिसके सापेक्ष अब तक करीब 9.48 प्रतिशत खरीद की जा चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular