Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उप्र: अनुशासनहीनता में बसपा से निकाले गये अमन मणि त्रिपाठी

 उप्र: अनुशासनहीनता में बसपा से निकाले गये अमन मणि त्रिपाठी

महराजगंज(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की नौतनवां सीट के पूर्व विधायक और 2022 विधानसभा के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी रहे अमनमणि त्रिपाठी को बसपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने यह कार्रवाई मंगलवार की देर शाम को की। इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए वर्ष 2017 में अनुशासनहीनता के आरोप में ही निष्कासन की कार्रवाई की थी।

बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार राव की जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक अमनमणि त्रिपाठी पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगा है।

जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि अमनमणि त्रिपाठी के खिलाफ अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की कई शिकायतें मिली थीं। शिकायतों की जांच करने के बाद अमनमणि को पार्टी से निष्कासित किया गया है। बसपा के महाराजगंज जिला अध्यक्ष के पत्र के मुताबिक अमनमणि को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया और तब पार्टी को कार्रवाई करनी पड़ी।

अमनमणि उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी के बेटे हैं। इससे पहले नौतनवां से पूर्व विधायक अमनमणि को वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। फिर अमनमणि ने 2022 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा था। बसपा के टिकट पर उन्होंने 2022 में नौतनवां विधानसभा से चुनाव लड़ा था, लेकिन इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

डा. आमोदकांत/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular