बलिया (हि. स.)। योगी सरकार के मंत्री उपेन्द्र तिवारी चार फरवरी को जिले की फेफना विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन करेंगे। देखना दिलचस्प होगा कि क्या उपेन्द्र तिवारी फेफना से जीत की हैट्रिक लगा पाते हैं ?
2017 में फेफना से दूसरी बार विधायक चुने गए उपेन्द्र तिवारी फिलहाल योगी सरकार में मंत्री हैं। वे 2002 से भाजपा के टिकट पर फेफना (पूर्व में कोपाचिट) से चुनाव लड़ रहे हैं। ये विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे अंबिका चौधरी का गढ़ रही है। अंबिका चौधरी 1993 से 2007 तक लगातार इस सीट से विधायक चुने जाते रहे। 2012 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे उपेन्द्र तिवारी ने अंबिका के विजय रथ को रोक दिया था।
2017 में भी उपेन्द्र तिवारी ने बसपा के टिकट पर लड़ रहे अंबिका चौधरी को 17 हजार से अधिक वोटों के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की थी। तब सपा के संग्राम सिंह यादव तीसरे स्थान पर रहे थे। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति के प्रोडक्ट के उपेन्द्र तिवारी के सामने इस बार भी सपा से संग्राम सिंह ही उम्मीदवार हैं। अलबत्ता अम्बिका चौधरी सपा में वापसी के बाद इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
पंकज
