Friday, April 3, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल उपविभागीय अधिकारी ने नगर निगम का नाम लेकर जिम्मेदारी छोड़ी

 उपविभागीय अधिकारी ने नगर निगम का नाम लेकर जिम्मेदारी छोड़ी

– स्ट्रीट लाइट की दिशा बदलने से लोगों को परेशानी

लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ के इक्का स्टैण्ड पावर स्टेशन क्षेत्र में कार्यरत विद्युत विभाग के उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) अजीत कुमार ने अपनी जिम्मेदारी को यह कहते हुए छोड़ दिया कि ये काम नगर निगम का है। सोमवार की सुबह गोकर्णनाथ मिश्रा मार्ग पर रहने वाले लोगों ने उपविभागीय अधिकारी से एक स्ट्रीट लाइट की दिशा बदल जाने के कारण परेशानी होने की शिकायत की। इस पर अजीत कुमार ने आम लोगों को दो टूक जवाब दे कर पल्ला झाड़ लिया।

बीते एक सप्ताह पूर्व में विद्युत विभाग की टीम एक मकान के बकाया भुगतान को लेकर कनेक्शन काटने आयी थी। इसी दौरान विद्युत खम्भे पर सीढ़ी लगाकर चढ़े लाइन मैन की ओर से कनेक्शन काटने में कठनाई होने पर स्ट्रीट लाइट की दिशा बदल दी गयी। लाइन मैन ने कनेक्शन काटा और उसी दिन भुगतान होने पर कनेक्शन जोड़ भी दिया। वहीं स्ट्रीट लाइट की दिशा बदली तो बदली ही रह गयी।

रात्रि होने पर स्ट्रीट लाइट की दिशा बदलने से सड़क पर अंधेरा और सामने के मकान पर रोशनी हो गयी, जो सिलसिला बीते सात दिनों से चल रहा है। सोमवार को स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत अधिशासी अभियंता से की तो उनके द्वारा उपविभागीय अधिकारी व उनकी टीम को स्ट्रीट लाइट की दिशा ठीक करने को कहा गया, लेकिन उनके जवाब से जनता असंतुष्ट हो गयी।

लोगों ने इस संबंध में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से शिकायत करने की तैयारी की है। उक्त प्रकरण में सुनील कुमार ने कहा कि वे सभी विद्युत विभाग के अधिकारियों के लापरवाह रवैये को लेकर ऊर्जा मंत्री से मिलेंगे और उनसे शिकायत दर्ज करायेंगे। छोटे से काम के लिए उन्हें सात दिनों से परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि सड़क पर रोशनी देने वाले लाइट से किसी व्यक्ति के घर में रोशनी हो रही है। ये भी गलत है। लाइट से सड़क पर प्रकाश होता है तो आने-जाने वालों को सुविधा होती है। विद्युत विभाग अपनी लापरवाही छुपाने के लिए नगर निगम के ऊपर अपने काम को डाल रहा है। इस तरह की व्यवस्था समाज के हित में नहीं है। सभी लोगों की मांग है कि स्ट्रीट लाइट की दिशा बदली जाये और उसका मुंह सड़क की ओर किया जाये।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular