– अन्य मंत्रियों ने भी दी बधाई, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने होली के पावन पर्व पर देश व देशवासियों को अपनी मंगलमय हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी है।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने शनिवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा कि रंगों के इस त्यौहार को सभी लोग आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना के साथ मनाएं। कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे किसी की पवित्र भावना को कोई ठेस पहुंचे।
श्री मौर्य ने कहा है कि त्यौहार हम अपनी गौरवशाली संस्कृति और परम्पराओं के अनुसार मनाएं तथा समाज में आपसी सौहार्द और पारस्परिक प्रेम का वातावरण बनाए रखें। त्यौहार के माध्यम से मानवता, इंसानियत व भाईचारे के पैगाम को जन-जन तक पहुंचाएं।
श्री मौर्य ने लोगों से अपील की है कि कोरोना के दृष्टिगत निर्धारित प्रोटोकॉल का सभी लोग अनिवार्य रूप से पालन करें। मास्क का प्रयोग करें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें और सैनिटाइजर का प्रयोग करें और कोरोना के संबंध में समाज को जागरूक करने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें।
इसके साथ ही औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन मंत्री डाॅ. सिद्धार्थ नाथ सिंह, वन मंत्री दारा सिंह चौहान, जलशक्ति मंत्री डाॅ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज व नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया व खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी, अल्पसंख्यक कल्याण वक्फ एवं हज राज्य मंत्री मोहसिन रजा तथा जलशक्ति राज्य मंत्री बीएस ओलख ने भी होली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
मंत्रिमंडल के इन सदस्यों ने कहा है कि रंगों का यह पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इसके साथ ही यह त्यौहार आस्था एवं विश्वास की धारणा को सृदृढ़ करते हुए असत्य पर सत्य की विजय का भी द्योतक है।
मंत्रिपरिषद के इन सदस्यों ने कहा है कि इस समय पूरा देश कोविड-19 की बीमारी के पुनः चपेट में आ रहा है, इसलिए होली के पर्व को सादगी के साथ कोरोना के प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन करते हुए मनाएं। इसके साथ ही एक दूसरे की भावना का आदर करते हुए समाजिक सौहार्द को और मजबूत बनाने का प्रयास करें।
