Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने माघ मेला के तैयारियों की समीक्षा कर दिये...

 उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने माघ मेला के तैयारियों की समीक्षा कर दिये निर्देश

गंगा व यमुना में बिना शोधन किए कोई भी पानी न जाने पाये

माघ मेला में कोविड गाइडलाइन की सभी व्यवस्थायें की जाये सुनिश्चित

कुम्भ 2025 से सम्बंधित कराये जाने वाले स्थायी कार्यों में तेजी लायी जाये

प्रयागराज(हि.स.)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सर्किट हाउस में माघ मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने माघ मेला व कुम्भ 2025 को लेकर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।

बैठक में डिप्टी सीएम ने कहा कि माघ मेला क्षेत्र में भूमि आवंटन का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाये। भूमि आवंटन के साथ ही लोगों को बिजली, पानी, शौचालय सहित जो अनुमन्य सुविधाएं है, उनको समय से उपलब्ध कराया जाये तथा सुविधाओं में गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाये। उन्होंने मेला क्षेत्र में कोविड 19 के दृष्टिगत कोविड प्रोटोकॉल के पालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाने तथा कुम्भ 2025 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने के लिए कहा है। माघ मेला क्षेत्र में अरैल के साथ सिटी साइड के मेला क्षेत्र में भी टेंट सिटी की व्यवस्था किए जाने एवं उसकी ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा।

उपमुख्यमंत्री ने मेला को और अधिक भव्य, सुंदर व आकर्षणयुक्त बनाये जाने के लिए मल्टी कर्लर लाईट की व्यवस्था किए जाने की बात कही। उन्होंने गंगा जी में अविरल, निर्मल एवं पर्याप्त मात्रा में जल की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा। निर्देश दिया कि गंगा एवं यमुना में कोई भी प्रदूषित पानी न जाने पाये। मेला क्षेत्र में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के साथ-साथ विद्युत विभाग को शार्ट सर्किट की घटनाओं के दृष्टिगत नए विद्युत तारों से वायरिंग कराये जाने के लिए कहा।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि माघ मेला एवं कुम्भ मेला प्रयागराज के लिए गौरव की बात है। पुलिस विभाग को मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार किए जाने के लिए कहा। जिससे यहां से लोग एक अच्छा संदेश लेकर जायें। कहा कि कुम्भ 2025 के लिए जो स्थायी कार्य किए जाने है, उन पर तीव्र गति से कार्रवाई हो इसके साथ ही कुम्भ का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। उन्होंने रिंग रोड एवं सिक्स लेन पुल के कार्य में तेजी लाये जाने का निर्देश दिया है।

मेलाधिकारी अरविन्द चौहान ने बताया कि मेला क्षेत्र में इस बार विशेष वेण्डिंग जोन भी बनाये जाने की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र के एंट्री प्वाइंट पर एवं रेलवे, बस स्टेशनों तथा एयरपोर्ट पर कोविड के दृष्टिगत टेस्टिंग, मास्क, सैनेटाइजर सहित कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किए जाने के लिए सभी तैयारियां की जा रही है। इस अवसर पर सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी एवं निर्मला पासवान, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, अवधेश चन्द्र गुप्ता, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, मेलाधिकारी अरविंद चौहान सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular