लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की खतौली उपचुनाव में जीत के बाद पश्चिम यूपी में संगठन में नया जोश भर दिया है। इस जीत ने पार्टी से जुड़ने वालाें का क्रम भी तेज हो गया है। हाल के दिनों में पार्टी की सदस्यता लेने वालों की होड़ सी मच गई है और लगातार किसान, युवा के साथ अन्य संगठनों के लोग शामिल हो रहे हैं।
रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने मंगलवार को बताया कि चौधरी चरण सिंह ने जिस किसान और नौजवान के लिए पार्टी बनाई थी, उसकी परिकल्पना को लेकर पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। पश्चिम यूपी में गन्ना किसान, नौजवान के साथ हर वर्ग का व्यक्ति आज महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा की सरकार जनता को अलग-अलग मुद्दों से भटकाए रखना चाहती है और महंगाई, रोजगार, किसान सहित मूलभूत आवश्यकताओं पर बोलना नहीं चाहती। वह सिर्फ सत्ता में बने रहकर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। लेकिन अब इनके इन छलावों को जनता समझ रही है और खतौली में भाजपा के उम्मीदवार की हार उसका ही परिणाम है। इस परिणाम में पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मेहनत भी शामिल है।
रालोद कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष के निर्देश पर संगठन विस्तार और सदस्यता से लोग काफी संख्या में जुड़ रहे हैं। हाल के दिनों में पश्चिम यूपी में किसान, युवाओं के साथ राष्ट्रीय कोरी जागृत महासभा के पदाधिकारियों की भारी संख्या में पार्टी की सदस्यता ली है। यह क्रम दिनों-दिन बढ़ रहा है।
मोहित वर्मा
