Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउन्नाव : मुआवजे को लेकर परिजनों ने शव रखकर मार्ग किया जाम,...

उन्नाव : मुआवजे को लेकर परिजनों ने शव रखकर मार्ग किया जाम, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

उन्नाव (हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत मंगलवार को हुए एक मार्ग दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गयी थी। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को शव पुराने लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर रखकर जमकर उपद्रव किया। जवाब में पुलिस ने लाठियां भांजी। इस दौरान 15 पुलिसकर्मी घायल हुए। घंटों चले इस बवाल में जिला प्रशासन हांफता नज़र आया। इस दौरान कई थानों की पुलिस मौजूद रही।

उन्नाव-सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक घायलों का हालचाल लेने जिला अस्पताल पहुंचे। उधर पीड़ितों का कहना है कि पुलिस जानबूझ कर मामले को रफा-दफा करने में जुटी हुई है। यही नहीं जिस वाहन से यह घटना घटित हुई थी, वह वाहन भी बदला जा रहा है।  

बताते चले कि मगरवारा चौकी क्षेत्र के देवीखेड़ा गांव निवासी राजेश व उसका साथी विपिन मंगलवार दोपहर बहन की शादी के लिए सामान की खरीददारी करने मोटर साइकिल से शहर आते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। हादसे में राजेश व विपिन दोनों की मौत हो गई थी। मुआवजे की मांग को लेकर नाराज परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को अस्पताल गेट पर रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस के समझाने पर रात मामला शांत हो गया था। उसके बाद बुधवार सुबह आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने अकरमपुर स्थित उन्नाव शुक्लागंज मार्ग पर शवों को रखकर प्रदर्शन शुरू कर जाम लगा दिया था। 

एसडीएम, सीओ ने समझाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने उग्र होकर पथराव कर दिया। बचाव में पुलिस ने भी ग्रामीणों पर बल प्रयोग किया। अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे मोर्चा संभाला, पुलिस के बल प्रयोग के बाद उपद्रवियों में भगदड़ मच गयी। बवाल कर रहे कई लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया गया। 

एएसपी शशि शेखर ने बताया कि जाम खुलवाने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर लोगों से ईंट पत्थर चला कर 15 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फोर्स तैनात कर दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular