Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उधारी चुकाने के लिए युवक ने रची अपने अपहरण की कहानी, एमपी...

 उधारी चुकाने के लिए युवक ने रची अपने अपहरण की कहानी, एमपी के भिंड से बरामद

मैनपुरी (हि.स.)। जनपद के करहल थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने उधारी चुकाने के लिए अपने ही अपहरण की कहानी रच डाली। अपहरण की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच के साथ तलाश शुरू की। पुलिस ने युवक को भिंड क्षेत्र से ढूंढ निकाला और उसके द्वारा रची साजिश का खुलासा किया। मामले में दोषियों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

करहल थाना क्षेत्र के गांव नानमई निवासी मुलायम सिंह शाक्य का पुत्र अवनीश शाक्य सब्जी बेचने का काम करता है। सोमवार की सुबह किरथुआ मंडी जाते समय वह अचानक गायब हो गया। पिता को उसने खुद के अपहरण की जानकारी मोबाइल पर दी। पिता की सूचना पर एएसपी राजेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस घटना को संदिग्ध मान कर जांच करने में जुट गई। पुलिस की टीमों ने सर्विलांस की मद्द से अपहृत बताए जा रहे युवक अवनीश को भिंड क्षेत्र से ढूंढ निकाला। थाना लाकर जब युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी का राज खोला।

युवक अवनीश शाक्य ने बताया कि उसने इटावा निवासी ममेरे भाई आलोक से रुपये उधार लिए थे। उन्हें वापस नहीं कर पा रहा था। इसी वजह से उसने अपने अपहरण की कहानी रची थी। इसके बाद पुलिस ने बेटे की करतूत को परिजनों से अवगत कराया।

एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि युवक द्वारा मामा के लड़के से लिए उधार को चुकाने के लिए अपने ही अपहरण का नाटक रचा था। उसे ढूंढ लिया गया है। मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

रोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular