Monday, February 9, 2026
Homeअन्य उद्योगपति रतन टाटा उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित

 उद्योगपति रतन टाटा उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित

मुंबई (हि.स.)। उद्योगपति रतन टाटा को महाराष्ट्र सरकार की ओर से शनिवार को उद्योग रत्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रतन टाटा की तबीयत ठीक न होने की वजह से सूबे के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने रतन टाटा के आवास पर जाकर यह पुरस्कार उन्हें प्रदान किया।

महाराष्ट्र में सर्वोच्च महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार साहित्य, कला, खेल और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। इसी तर्ज पर इस वर्ष से उद्योग क्षेत्र में महती योगदान के लिए उद्योग रत्न पुरस्कार दिए जाने का फैसला राज्य सरकार ने लिया है और पहला पुरस्कार उद्योगपति रतन टाटा को दिया गया है।

महाराष्ट्र सरकार की ओर से उद्योग रत्न पुरस्कार के रूप में 25 लाख रुपये, एक पदक और एक प्रमाण पत्र दिया जाता है। इसी तरह इस वर्ष से उद्योग मित्र और उद्योगिनी पुरस्कार भी शुरू किया गया है। उद्योग मित्र पुरस्कार के रूप में 15 लाख रुपये, एक पदक और एक प्रमाण पत्र दिया जाता है। उद्योगिनी पुरस्कार के रूप में 5 लाख रुपये, एक पदक और एक प्रमाण पत्र और उत्कृष्ट मराठी उद्यमी पुरस्कार के रूप में 5 लाख रुपये, एक पदक और एक प्रमाण पत्र राज्य सरकार की ओर से दिया जाता है।

इसी साल अप्रैल में रतन टाटा को ऑस्ट्रेलिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से सम्मानित किया गया था। उन्हें कई अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं। रतन टाटा की टाटा समूह की कंपनियां अपने परोपकार के लिए जानी जाती हैं।

राजबहादुर/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular