Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउद्यान मंत्री ने कुशीनगर में रखी 8.59 करोड़ की आलू बीज उत्पादन...

उद्यान मंत्री ने कुशीनगर में रखी 8.59 करोड़ की आलू बीज उत्पादन केंद्र आधारशिला

कुशीनगर (हि. स.)। राज्य के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने गुरूवार को कुशीनगर जिले के कसया क्षेत्र में स्थित बरवां फार्म में भारत सरकार के 8.59 करोड़ की लागत वाली सेंटर आफ एक्सीलेंस फार पोटैटो की आधारशिला रखी। मंत्री ने इस सेंटर को किसानों के कल्याण व आर्थिक उन्नयन में मील का पत्थर साबित होने की बात कही।

कहा कि 1965-66 में स्थापित 88 एकड़ परिक्षेत्र में स्थित इस फार्म को सरकार ने संजीवनी दी है। योजना के तहत यहां उत्कृष्ट आलू के बीज का उत्पादन कर किसानों को वितरित किया जाएगा। उद्यान मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता के सहयोग से बनी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार चुनाव पूर्व किए गए वायदे के अनुसार किसानों, नौजवानों व जरूरतमंदों के हर कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पूर्वांचल के आलू उत्पादकों के लिए यह योजना लाई गई है। इस केंद्र से लाभ पाकर किसान शोधित बीज से आलू उत्पादन करेंगे और अपनी आय को दोगुनी कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत 3.13 करोड़ की पहली किश्त जारी कर दी गई है। पूर्वांचल आलू उत्पादन के लिए जाना जाता था। आज केले ने उसकी जगह ले ली है। पूर्व में इस केंद्र से पांच प्रतिशत लोगों को बीज मुहैया कराया जाता था। इस अनुसंधान केंद्र की स्थापना के बाद अधिकाधिक किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इससे काफी मात्रा में उत्पादन होगा और यहां का आलू देश-विदेश में भी धूम मचाएगा।

संतीश मणि त्रिपाठी व नगर मंडल अध्यक्ष अनिल प्रताप राव ने कोल्ड स्टोरेज की समस्या से अवगत कराया। इस पर मंत्री ने अधिकारियों से बात कर पुराने शीतगृह का सुदृढ़ीकरण या नया लगाने का आश्वासन देते हुए यह कार्य एक वर्ष में पूरा करने की बात कही।

समीर समेत 15 किसान हुए सम्मानित:उद्यान निदेशक आरके तोमर व उप निदेशक उद्यान डीके वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखा। इस दौरान कृषि क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले प्रगतिशील किसान समीर सिंह को मंत्री ने ट्रैक्टर की चाभी और प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा। हर्षप्रकाश तिवारी, सुकदेव कुशवाहा, समीर सिंह, लालजी कुशवाहा, राजाराम कुशवाहा, लालबहादुर, राजकुमार सहित 15 प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular