Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उद्यमी करेंगे बड़ा निवेश,रोजगार के मिलेंगे अवसर

 उद्यमी करेंगे बड़ा निवेश,रोजगार के मिलेंगे अवसर

बुलंदशहऱ (हि.स.)। फरवरी माह में होने जा रहे यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले बुलंदशहर में स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में इन्वेस्टर्स समिट का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें करीब 200 उद्यमियों ने प्रतिभाग किया, जबकि इस दौरान बुलन्दशहर में करीब 15 हज़ार करोड़ के निवेश करने पर सहमति भी बनी। कार्यक्रम में जिले के सांसद भोला सिंह समेत सभी विधायकों ने हिस्सा लिया, जबकि इस दौरान डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एससपी श्लोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कुलदीप मीणा, उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह समेत जनपद के तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान जिलाधिकारी व एसएसपी ने उद्यमियों से कानून व्यवस्था से लेकर उद्योगों को मिलने वाली NOC तक पर खुलकर चर्चा की और पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया।

सांसद भोला सिंह ने बताया कि योगीराज में उद्यमी यूपी में निवेश करने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं, जबकि इतने बड़े निवेश से न सिर्फ लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे बल्कि बुलन्दशहर की तस्वीर भी बदलेगी। सिकन्द्राबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट निर्माण व एनसीआर का सबसे बड़ा जिला होने के कारण औद्योगिक घरानों की जनपद में निवेश करने व उद्योग लगाने में रुचि बढ़ी है। अनूपशहर विधायक संजय शर्मा बोले कि इन्वेस्टर्स समिट में दिल्ली, नोएडा, हरियाणा सहित अन्य राज्यों व जिलों के इन्वेस्टर्स ने अपने निवेश की घोषणा की है। पूर्व मंत्री व शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि उद्यमियों ने हाउसिंग सोसायटी, स्टील पाइप, वेयर हाउस, टैक्सटाइल, पॉटरी, डेयरी आदि क्षेत्र में निवेश किया है।

इस दौरान डीएम सीपी सिंह ने कहा कि 15 हज़ार करोड़ के निवेश से सीधे तौर पर 15 हज़ार रोजगार उपलब्ध हो सकेंगे। वहीं, इस दौरान उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने समिट में प्रतिभाग करने वाले सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त किया।

सचिन शर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular