लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में दिन ब दिन कमी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 3278 नए मामले दर्ज और 188 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य में गुरुवार को 188 और लोगों की मौत के बाद मृतकों को आंकड़ा बढ़का 19900 हो गया। गुरुवार को सबसे ज्यादा 15 मौतें राजधानी लखनऊ में हुई है। इसके बाद फर्रुखाबाद तथा मेरठ में 14-14, वाराणसी में आठ और प्रयागराज में सात मरीजों की मृत्यु हुई है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 3278 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 6995 मरीज ठीक भी हुए हैं। सबसे ज्यादा 206 नए मरीज गोरखपुर में मिले हैं। इसके अलावा सहारनपुर में 199, गाजियाबाद में 169, वाराणसी में 166 और मेरठ में 164 तथा आगरा में 22 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में रिकवरी का प्रतिशत 95.4 हो गया है और 30 अप्रैल के बाद से अब तक राज्य में उपचाराधीन मामलों की संख्या में 81.26 प्रतिशत की गिरावट आई है।
प्रसाद ने बताया कि इस वक्त प्रदेश में कोविड-19 संक्रमित 58270 मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से 34508 मरीज घर में अलग रहकर इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में तीन लाख 45 हजार से ज्यादा नमूनों की जांच की गई। राज्य में अब तक कोविड-19 टीके की एक करोड़ 70 लाख से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी हैं। इस बीच प्रदेश के हापुड़ जिले में कोरोना के साथ साथ ब्लैक फंगस के मामले भी बढ़ने लगे है और बुधवार को इससे एक पीड़ित की मौत हो गयी। उनका दिल्ली में इलाज चल रहा था। आंकड़ों के अनुसार हापुड़ में ब्लैक फंगस से दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि पांच संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
