लखनऊ(हि.स.)। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा कि केन्द्र सरकार की ग्रामीण क्षेत्र में उत्सव धाम बनाने की योजना से पूर्व सैनिकों को जोड़ा जायेगा। उत्सव धाम की विभिन्न नियुक्तियों में पूर्व सैनिकों को पूरा ध्यान रखा जायेगा।
तेलीबाग स्थित उप्र पूर्व सैनिक कल्याण निगम के प्रांगण में आयोजित पूर्व सैनिक व आश्रित अभिनन्दन समारोह में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि वर्तमान समय में सेना से जुड़े लोगों को हर कार्यक्रम व्यवस्थित करने के लिए जाना जाता है। फिर वह वैवाहिक कार्यक्रम हो या फिर सार्वजनिक कोई कार्यक्रम हो। सेना के व्यक्ति का मतलब होता है, व्यवस्थित व्यक्ति ।
असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आश्रितों के लिए सोचा और योजना बनाकर उन्हें मजबूती देने का कार्य किया। प्रधानमंत्री ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाईं और इसमें पूर्व सैनिकों के लिए भी योजना बनाई। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुलिस को बल मिला है। पुलिस विभाग को गोली चलने पर भागने के स्थान पर डटे रहने और बचाव में गोली चलाने की ताकत मिली है।
उन्होंने कहा कि ऑटोमेटिक व्हीकल, व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, ई-रिक्शा का वितरण किया गया है। इससे आश्रितों को मदद मिलेगी। विभाग की ओर से पूर्व सैनिक कल्याण निगम को जरुरतमंदों की सूची के अनुसार ये मदद दी गयी है। योग्य नौजवानों को छात्रवृत्ति भी दी गयी है। पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए जो भी कार्य होने हैं, उन्हें समय-समय पर पूर्ण किया जायेगा।
समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव डाॅ.हरिओम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कल्याण निगम के अधिकारी एवं उनके परिवार के लोग उपस्थित रहे।
शरद
