-नई व्यवस्था के तहत अब जिस ट्रेन की एमएसटी और क्यूएसटी बनेगी यात्री उसी ट्रेन में सफर कर सकेंगे
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की करीब 10 ट्रेनों में शुक्रवार से मासिक सीजन टिकट (एमएसटी)और क्वार्टर सीजन टिकट (क्यूएसटी) की सुविधा शुरू हो गई है। इस बार नई व्यवस्था के तहत एमएसटी और क्यूएसटी अनारक्षित ट्रेन के लिए ही बनाई जा रही है। अब जिस ट्रेन की एमएसटी और क्यूएसटी बनाई जाएगी यात्री उसी ट्रेन में सफर कर सकेंगे।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन के मुताबिक, एमएसटी और क्यूएसटी की सुविधा शुक्रवार से 04203/04 लखनऊ-फैजाबाद-लखनऊ पैसेंजर स्पेशल ट्रेन में, 04213/14 लखनऊ-कानपुर-लखनऊ मेमू में, 04201/02 वाराणसी-प्रतापगढ़-वाराणसी पैसेंजर
स्पेशल ट्रेन में, 04263/64 वाराणसी-सुल्तानपुर-वाराणसी पैसेंजर स्पेशल ट्रेन में और 04267/68 वाराणसी-प्रतापगढ़-वाराणसी पैसेंजर स्पेशल ट्रेन शुरू कर दी गई है।
रेलवे ने इस बार एमएसटी और क्यूएसटी की एक नई व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के तहत एमएसटी और क्यूएसटी अनारक्षित ट्रेन के लिए बनेगी। एमएसटी और क्यूएसटी जिस ट्रेन के लिए बनाई जाएगी यात्री उसी ट्रेन में सफर कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से पुष्पक और चित्रकूट एक्सप्रेस जैसी आरक्षित श्रेणी वाली ट्रेनों की स्लीपर और एसी बोगियों में एमएसटी और क्यूएसटी वाले यात्रियों के चढ़ने पर अंकुश लगेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जगतोश शुक्ल ने बताया कि दैनिक यात्री केवल उन अनारक्षित ट्रेनों में ही सफर कर सकेंगे,जिसकी एमएसटी और क्यूएसटी रेलवे जारी करेगा। इसके अलावा किसी अन्य ट्रेन में सफर करने पर उनके खिलाफ बेटिकट होने की कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा।
