लखनऊ(हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेगी। पार्टी कार्यकर्ता जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में अपनी ऊर्जा और समय बर्बाद न करते हुए विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारी में जुट जायें।
मायावती ने 2022 चुनाव के लिए एक नारा भी दिया। उन्होंने कहा,’यूपी को बचाना है, सर्वजन को बचाना है, 2022 में बसपा को लाना है।”
मायावती ने कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष होते तो शायद हम लड़ते, लेकिन ऐसा नहीं है। चुनाव में जमकर धांधली हो रही है। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार में छोटे-बड़े जितने भी चुनाव हुए किसी में भी धांधली नहीं हुई। चुनाव में धांधली लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
उक्त बातें वे सोमवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों को बतायीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सभी लोग सर्वजन के बीच पहुंचे और 2022 में सरकार बनाने की तैयारी में जुट जायें। बसपा सुप्रीमो मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी को कमजोर बताने की साजिश रची जा रही है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि आगामी उप्र विधानसभा चुनाव में बसपा किसी से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव लड़ेंगी। उत्तर प्रदेश में सर्वजन को बचाना है तो इसके लिए बसपा को सत्ता में लाना होगा। 22 में प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी तो जिला पंचायत अध्यक्ष दूसरे दल छोड़कर बसपा में शामिल हो जाएंगे।
मायावती ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान सरकार पूर्व की सरकार की भांति ही कार्य कर रही है। अफवाह फैलाकर पार्टी नीतियों को कमजोर किया जाने का प्रयास हो रहा है।
