लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डाॅ महेन्द्र सिंह ने कहा कि रश्मि मेटेलेक्स के सम्बंध में सच नहीं फैलाया जा रहा है। जल जीवन मिशन का उत्तर प्रदेश में कार्य शुरु होने के बाद से पाइप सप्लाई का विषय आया ही नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पाइप टेंडर का कोई टेंडर किया ही नहीं है।
जलशक्ति मंत्री ने लोकभवन में पत्रकार वार्ता कर कहा कि संजय सिंह ने हजारों करोड़ के काम दिए जाने का आरोप लगाया है। जब कोई टेंडर हुआ ही नहीं है तो कोई पाइप की सप्लाई कैसे कर सकता है। आप सांसद संजय सिंह के आरोपों को क्रमश: बोलते हुए डाॅ महेन्द्र सिंह ने कहा कि आप सांसद के झूठे बेबुनियाद आरोपों के पीछे केवल राजनीति है। उनका आरोप लगाना उत्तर प्रदेश की सरकार और जल जीवन मिशन का कार्य कर रहे विभाग की छवि खराब करना है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पाइप के माध्यम से शुद्ध पेयजल से पहुंचाने के लिए काम शुरु किया गया। उस काम को बहुत अच्छे गति से हम लोगों ने बढ़ाया है। मोदी जी के सपने को सच करने के लिए हम लोग आगे बढ़ रहे हैं लेकिन कुछ लोग नहीं चाहते कि लोगों को शुद्ध पेयजल मिले। लोगों के घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचें।
उन्होंने कहा कि हमारी माताएं, बहनें वर्षो से सिर पर गगरी रखकर चार पांच किलोमीटर से जल प्रबंध करती थी। दिन भर सारा काम बंद कर यही काम करती थी। बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्रों सहित पूरे उत्तर प्रदेश में ट्रेन से जल लाने की बात की जाती थी।
उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षो में योगी जी की सरकार में किसी ने नहीं सुना होगा कि जल संकट जैसी कोई समस्या सामने आयी है। किंतु आज भी कुछ लोग नहीं चाहते है कि जल जीवन मिशन सफल हो और लोगों को घर तक शुद्ध पेयजल मिले। प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस कार्य को हम बखूबी करेंगे।
