लखनऊ (हि.स.)। संक्रमण की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में लागु रात्रिकालीन कर्फ्यू में ढील देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को टी-9 की बैठक में कहा कोविड की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावी की जाए। 11 बजे तक सभी दुकानें/बाजार बंद हो जाएं। लोग अनावश्यक सड़कों पर न घूमें। विभिन्न राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। हमें सावधान रहना होगा। अतिरिक्त स्थिति बरतनी होगी। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है। सरकार के इस निर्णय से व्यापारियों को खास सहूलियत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड से बचाव के लिए प्रदेश में टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीकाकरण के लिए अर्ह लोगों में से 45 फीसदी प्रदेशवासियों ने टीके की पहली खुराक प्राप्त कर ली है। विगत दिवस प्रदेश ने दो नए रिकॉर्ड बनाये। विगत 24 घंटे में 33 लाख 42 हजार 360 लोगों ने टीका लगा है। यह किसी राज्य में एक दिन में हुआ सर्वाधिक कोविड टीकाकरण है। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन आठ करोड़ आठ लाख से अधिक हो गया है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। योगी ने कहा कि इस प्रक्रिया को और तेज किए जाने की आवश्यकता है। टीके की उपलब्धता के लिए भारत सरकार से सतत संपर्क बनाए रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। अब तक सात करोड़ 38 लाख 21 हजार 487 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। विगत 24 घंटे में हुई टेस्टिंग में 22 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 20 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 389 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस स्थिति को और बेहतर करने के लिए ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट की नीति के अनुरूप सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।
वायरल रोकने को हो इंतजाम
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि फिरोजाबाद, मथुरा, आगरा के साथ-साथ सभी जिलों में डेगूं व अन्य वायरल बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि सर्विलांस को और बेहतर किए जाने की जरूरत है। मेडिसिन किट वितरण प्रारम्भ कर दिया जाए। शिकोहाबाद में 100 बेड का अस्पताल तैयार हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राज्य सरकार सभी 75 जिलों में न्यूनतम एक-एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए संकल्पित है। सतत प्रयासों से प्रदेश के 59 जिलों में न्यूनतम एक मेडिकल कॉलेज क्रियाशील हो रहे हैं। शेष 16 जिलों के लिए पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में शासकीय नीति तैयार हो गई है। इस दिशा में अन्य औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया जाए।
दिव्यांग खिलाड़ियों का होगा सम्मान
योगी सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए एक सम्मान आयोजित करने जा रहे हैं इस सम्मान समारोह में प्रदेश के सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा।मुख्यमंत्री योगी टीम 9 की बैठक में कहा कि टोक्यो पैरालम्पिक में उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि विशिष्ट है। उत्तर प्रदेश के पदक विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों का सार्वजनिक अभिनन्दन किया जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में सभी 75 जिलों से दिव्यांग खेल प्रतिभाओं को आमंत्रित किया जाए। यह उनके लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा। इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
राज्य के पहले मुख्यमंत्री पंत की जयंती मनाएगी सरकार
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत की जयंती 10 सितंबर को मनाई जाएगी। सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। इस संबंध में आवश्यक तैयारी पूरी कर ली जाए। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती मनाने का ऐलान किया था योगी सरकार ने राजीव गांधी की जयंती को इस बार सदभावना दिवस के रुप में मनाया है। अब पंत की जयंती सरकार की तरफ से मनाई जाएगी।
