-27 जिलों में जिला और मंडलीय अस्पतालों को अपग्रेड कर बनाया जा रहा मेडिकल कॉलेज
लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ‘एक जिला एक मेडिकल कॉलेज’ योजना पर युद्धस्तर पर काम कर रही है। प्रदेश के 27 जिलों में मंडलीय एवं जिला चिकित्सालयों को अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। इसमें से पहले फेज के पांच और दूसरे फेज के 08 मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हाे चुका है।
पहले फेज के 05 मेडिकल काॅलेजों को चार वर्ष पहले और दूसरे फेज के 08 नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज को दो वर्ष पहले ही मान्यता मिल गयी थी। वहीं तीसरे फेज के 14 चिकित्सालयों का काम करीब 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा फेज तीन के मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए इस साल आवेदन किया जाएगा।
चिकित्सा विशेषज्ञ डाॅ. राजीव लोचन के अनुसार प्रदेश में बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता में आने के बाद वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की नीति पर काम शुरू कर दिया था। इसी के तहत चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के जिला और मंडलीय चिकित्सालय को अपग्रेड किया जा रहा है।
पहले फेज के मेडिकल कॉलेज का लगभग निर्माण पूरा
पहले फेज के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज अयोध्या और महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय बस्ती के कॉलेज और चिकित्सालय परिसर का काम पूरा हो चुका है। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर के कॉलेज परिसर में मल्टी हाल के अलावा सारे काम पूरे हो चुके हैं। इसी तरह महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच के कॉलेज परिसर का काम पूरा हो गया है जबकि चिकित्सालय परिसर में जेआर-एसआर का काम भी लगभग पूरा हो गया है। 35 प्रतिशत चिकित्सालय भवन का पूरा हो चुका है। मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के कॉलेज के सभी निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। चिकित्सालय परिसर का 20 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के चिकित्सालय भवन के स्ट्रक्चर का कार्य पूरा हो गया है।इसके फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। इसी तरह कॉलेज परिसर के आंशिक कार्य शेष हैं।
तीसरे फेज का काम प्रदेश के 14 जिलों में युद्धस्तर पर चल रहा है। उसका लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
बृजनन्दन
