– डीजीपी ने सभी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ (हि.स.)। दुर्गापूजा, दशहरा और दीपावली पर्व को लेकर 31 अक्टूबर तक के लिए उत्तर प्रदेश में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से सोमवार को एक पत्र भी सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेज दिया गया है।
पुलिस महानिदेशक डीएस चौहान ने पत्र में कहा है कि आगामी त्योहार को देखते हुए 31 अक्टूबर तक के लिए सभी पुलिसकर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। साथ ही साथ त्योहारों को लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के भी निर्देश दिए गए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों संग बैठक की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चुस्त और दुरस्त कर लिया जाए। नवरात्रि पर देवी मंदिरों, मेला स्थल और पंडालों पर भी पुलिस चौबीस घंटे निगरानी रखें। किसी भी प्रकार से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दीपक
