Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: जयवीर सिंह

उत्तर प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: जयवीर सिंह

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। मंत्री ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में लगने वाले मेलों और महोत्सवों का टूरिष्ट कैलेण्डर मौसम के हिसाब से तैयार किया जाए।

जयवीर सिंह पर्यटन निदेशालय में विभागीय कार्ययोजना, पर्यटन नीति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के आसपास के गांवों में पर्यटकों को होम स्टे के लिए घरों को चिन्हित करके प्रशिक्षण दिया जाए।

अर्थगंगा के तहत गंगा नदी के किनारे स्थित पर्यटन स्थलों के विकास के लिए शिल्प ग्राम, घाट पर हाट एवं संध्या आरती आदि कराये जाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।

पर्यटन मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि विभाग द्वारा तैयार की गई टूरिज्म पॉलिसी के अंतर्गत दी जाने वाले इन्सेन्टिव से समस्त स्टेक होल्डर को अवगत कराने के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया जाए।

जयवीर सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश के कला, शिल्प, संस्कृति तथा व्यंजन जो विलुप्त के कगार पर हैं। उनको प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएं। समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन मुकेश मेश्राम, संयुक्त निदेशक पर्यटन एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular