लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए जिम्मेदार कमिश्नरेट पुलिस व जनपद की कमान सम्भालने वाले पुलिस अधिकारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बैठक लेंगे। कानून व्यवस्था पर बीते दिनों उठे प्रश्नों के बीच मुख्यमंत्री की यह बड़ी बैठक मानी जा रही है। बैठक को आनलाइन माध्यम से किया जायेगा और इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों को सूचनाएं पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाये रखने के लिए प्रत्येक माह पुलिस अधिकारियों की बैठक करते हैं। इसमें बड़े एंकाउंटर या बड़ी अपराधिक घटनाओं के बाद आपातकाल बैठकें भी होती रही हैं। कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए यूपी पुलिस के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक पहले भी एक बैठक कर चुके हैं। वह पहली बार बतौर कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होंगे।
कानून व्यवस्था के सामने जोन स्तरीय माफिया के गुर्गे
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को आये दिन चुनौती देने वाले माफियाओं की जोन स्तरीय सूची बनायी गयी है। जिसमें जोन स्तरीय कुछ माफिया एंकाउंटर में, गैंगवार में तो कुछ अपनी बीमारी से मृत हो चुके हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश में बचे हुए माफिया आजकल अपनी गतिविधियों को शांतिपूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं। फिर भी माफियाओं के गुर्गे जोन व जनपद स्तर पर पुलिस अधिकारियों से आंख मिचौली खेलते मिलते हैं।
शरद/मोहित
