– सपा अध्यक्ष ने कहा, आपराधिक घटनाओं के चलते कन्नौज बदनाम
लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर हुए जानलेवा हमला मामले में पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। प्रदेश में कौन सुरक्षित है, यह सबसे बड़ा सवाल है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अतीक अहमद की खाली कराई गई भूमि आवास निर्माण कर गरीबों को दिए जाने पर भी कहा कि सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोगों ने कब्जे किए हैं। रजिस्ट्री चेक कीजिए तो पता चलेगा कि भाजपा वालों की जमीनें फर्जी मिलेंगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में छीनने, लूटने का काम भाजपा सरकार में हुआ है।
आपराधिक घटनाओं के चलते कन्नौज बदनाम
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर अपराधिक घटनाओं को लेकर योगी सरकार को घेरा है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि कन्नौज में इत्र कारोबारी के घर में पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती और रिवॉल्वर तक ले जाने की सनसनीखेज घटना से हर कन्नौजवासी दहशत में है। कन्नौज भाजपा राज में आपराधिक घटनाओं की वजह से बदनाम हुआ, जिसके कारण कारोबार ठप सा पड़ गया है।
अखिलेश ने मौलाना फिरंगी महली को दी बकरीद की बधाई
इससे पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज ऐशबाग ईदगाह पहुंचे, जहां उन्होंने मौलाना फिरंगी महली से मुलाकात की। इस दौरान सपा अध्यक्ष ने फिरंगी महली को ईद-उल-अजहा की बधाई दी। सूत्रों की मानें तो इस दौरान अखिलेश ने लोकसभा चुनाव को लेकर भी मौलाना महली से चर्चा की है।
मोहित वर्मा/दिलीप
