हरदोई(हि.स.) पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री, सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह आज हरदोई में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी संगठन की बैठक में पहुंचे।
सभा को सम्बोधित करते हुए राधा मोहन सिंह ने कहा कि मोदी और योगी सरकार से पहले प्रदेश पर प्रश्नों की झड़ी लगी हुई थी। इन्हीं प्रश्नों में सबसे पहला प्रश्न था गुंडा और मफियाराज? पहले हर एक गली का गुंडा होता था, जिसके डर से महिलाएं घर से निकलने से डरती थीं। खून खराबा होना आम बात थी। पर, वर्ष 2017 में योगी सरकार बनने के बाद से ऐसे बहुत से प्रश्नों का समाधान हो गया। कोरोना काल में सबसे जरूरी चीज़ निकल कर आई । वह यह कि एन 95 मास्क देश में बनता ही नहीं था जो प्रधान मंत्री ने अपने देश में बनवाना शुरू करवाया, पीपीई किट का निर्माण भारत में होना शुरू हुआ।
दुर्भाग्य देखिए कि उत्तर प्रदेश जहां पूर्वांचल के जिलों में अस्पताल तक की सुविधा नहीं थी, वहां आज मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं या निर्माण चल रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस एक बेहतर नमूना है विकास का जो दिल्ली और लखनऊ की दूरी को खत्म करेगा और विकास की गंगा बहेगी। प्रदेश और देश में सड़कों का जाल बिछा दिया गया है।
पिछली सरकारों में बिजली आती कम और जाती ज्यादा थी। भाजपा सरकार ने इस समस्या का समाधान निकाला और प्रदेश के गांव-गांव तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति का रिकॉर्ड बनाया। गांव-गांव में लोगो को बिजली का कनेक्शन नि:शुल्क दिया।
देश और प्रदेश में बैठे दो राजकुमार कोरोना काल में झांकने बाहर तक नहीं निकले
देश के प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और गांव गांव के कार्य कर्ताओं ने जमीन पर निकल कर लोगों की मदद की। जरूरतमंद लोगों तक दवाई और राशन पानी का बंदोबस्त किया। दोनों राजकुमारों ने 6 हजार रुपए मिल रहे छोटी जोत के किसानों की गरीबी का मजाक उड़ाया। जब तक सत्ता में रहे गरीबी हटाने का नारा दिया पर उनकी हालत में सुधार लाने की कोई ठोस पहल नहीं कर पाए और आज जब गरीब किसान अपनी गरीबी से बाहर निकल रहा है तो उसका मजाक बनाया जा रहा है। इन राजकुमारों ने गरीबी हटाने के नारे बहुत लगाए पर निष्ठा अपने परिवार के प्रति थी. कि कैसे उसे मजबूत करे।
प्रधानमंत्री मोदी की गरीबी का मजाक बनाया गया पर आज उसी गरीब के बेटे ने गरीबों की सुध ली और देश को मजबूत बनाने का काम किया। आज विदेशों में हमारे देश और प्रधानमंत्री की साख बनी है। देश और राज्य को ऐसा नेतृत्व मिला है जो संपूर्ण रूप से अपने देश और प्रदेश के विकास में लगे हैं। 2014, 2017 और 2019 में उत्तर प्रदेश के भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी एकता का परिचय दिया है जिसने विपक्ष को चुनाव में धूल चटा दी। पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ध्यान रखना है कि पार्टी सर्वोपरि है, व्यक्ति नहीं। चुनाव पार्टी और भाजपा के कमल निशान पर लड़ा जाएगा।
मोदी सरकार के आने से पहले उत्तर प्रदेश को नगर निकाय में 2 लाख 80 हजार करोड़ पांच साल में, वहीं मोदी जी के आने के बाद 7 लाख करोड़ का बजट मिला। अखिलेश राज में भी इतना पैसा नहीं मिला। विपक्ष की पूर्व की 10 साल की सरकारों के मुकाबले भाजपा सरकार के साढ़े चार साल में ही उतना अनाज ख़रीद का काम हुआ। भाजपा आज इतिहास रच रही है, देश में एक मजबूत और बड़ी पार्टी बनी है और उसके कार्यकर्ता उतने ही समर्पित हैं।
बैठक में जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्र नीरज ने मुख्य अतिथि राधा मोहन सिंह का हरदोई पधारने पर आभार व्यक्त किया। बैठक में भाजपा के सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अम्बरीष
