Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश के 75 जिलों में कोविड के केवल पांच मरीज

उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में कोविड के केवल पांच मरीज

– कोविड-19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश

लखनऊ, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण न्यूनतम स्थिति में है। पिछले 24 घंटे में हुई एक लाख 48 हजार 946 सैम्पल की टेस्टिंग में लखनऊ, कानपुर नगर और जालौन जिलों को छोड़ शेष किसी भी जिले में एक भी नया केस नहीं पाया गया। इसी अवधि में सात मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के साथ-साथ तेज टीकाकरण की रणनीति कोविड से बचाव में अत्यंत कारगर रही है। प्रदेश में अब तक 12 करोड़ 67 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। हमारे तीन करोड़ से अधिक प्रदेशवासी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं। नौ करोड़ 65 लाख से अधिक लोगों (पात्र आबादी का 65.46%) ने कम से कम एक डोज लगवा ली है। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूसरे डोज के लिए क्लस्टर मॉडल के आधार पर तेजी से टीकाकरण किया जाए।

कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना अभियान स्वरूप में की जा रही है। अब तक स्वीकृत 548 में से 507 प्लांट्स क्रियाशील हो चुके हैं। इन प्लांट्स के संचालन के लिए हर केंद्र पर न्यूनतम तीन प्रशिक्षित युवाओं की तैनाती की जाए। स्थानीय स्तर पर पैरामेडिक्स व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि डेंगू, डायरिया, मलेरिया सहित विभिन्न वायरल बीमारियों से बचाव के लिए सर्विलांस को बेहतर किया जाए। हर एक मरीज के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जाए। अस्वस्थ लोगों के उपचार के लिए सभी अस्पतालों में प्रबंध किए गए हैं। व्यापक स्वच्छता, सैनिटाइज़ेशन और फॉगिंग का कार्य सतत जारी रखें। लक्षणयुक्त मरीजों की जांच जरूर की जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular