Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश के हर जिले में मिलते थे बाहुबली, आज दूरबीन से...

उत्तर प्रदेश के हर जिले में मिलते थे बाहुबली, आज दूरबीन से ढूंढे नहीं मिल रहे: अमित शाह

-अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मांगा हिसाब

-मुगलों के बाद 2017 तक अहसास नहीं हुआ की यह धरती राम-कृष्ण की है : अमित शाह

-उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देख खौलता था खून : गृह मंत्री

-हम सदस्यता अभियान लोगों से जुड़ने के लिए चलाते हैं: शाह

लखनऊ(हि.स.)। देश के गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत के बाद कहा कि उत्तर प्रदेश बाबा विश्वनाथ की भूमि है। यह भूमि राम कृष्ण, कबीर की भूमि है। मुगलों के बाद 2017 तक उत्तर प्रदेश को इसका एहसास नहीं हो रहा था। जब भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनी तो लोगों को एहसास हुआ कि यह उत्तर प्रदेश राम कृष्ण की है। केंद्रीय गृहमंत्री ने योगी सरकार में कानून व्यवस्था की प्रशंसा की और कहा कि हर जिले में मिलने वाले बाहुबली आज दूरबीन से भी नहीं दिखते। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं। अभी दो महीने में अन्य वादों पर भी काम होंगे।

प्रदेश की जनता योगी-केशव-दिनेश से मांगे, हम मांगेंगे अखिलेश से हिसाब

गृहमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो लोग घर बदल रहे थे, विदेश घूम रहे थे, वह नये कपड़े सिलवाकर चुनाव में आ गए हैं। प्रदेश की जनता योगी, केशव, दिनेश शर्मा, स्वतंत्र देव से हिसाब मांगे। मैं अखिलेश यादव से हिसाब मांग रहा हूं। उन्होंने साढ़े चार साल में क्या किया। कोरोना में क्यों नहीं निकले। वह अपने परिवार से बहुत ज्यादा बढ़ते हैं, तो जाति तक पहुंच जाते हैं। योगी की सरकार ने जाति के आधार पर काम नहीं किया है।

पत्रकार घोषणा-पत्र देंखें, योगी ने पूरा किया संकल्प

शाह ने कहा कि पत्रकारों ने पूछा कि एक करोड़ 86 लाख सदस्य हैं, तो फिर नया अभियान क्यों। दूसरे दल चुनाव केवल सत्ता के लिए लड़ते हैं। भाजपा एक विचार के लिए कार्य कर रही है। इसलिए सदस्यता के लिए घर-घर जा रहे हैं। पत्रकारों से कहा कि घोषणा पत्र देख लीजिए। योगी ने पूरा कर दिया है। दो महीना बचा है। फिर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से कहा कि इसे शत-प्रतिशत पूरा करने की कोशिश कीजिये ताकि कुछ भी बाकी न बचे।

कानून व्यवस्था देखकर खौलता था खून : अमित शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त थी। हर जिले में बाहुबली मिलते थे। आज दूरबीन लगाकर ढूंढता हूं तो भी बाहुबली खोजे नहीं मिलते। पहले बेटियां बाहर नहीं निकल सकती थीं। आज 16 साल की बेटी गहने लेकर स्कूटी से रात के 12 बजे यूपी की सड़कों पर घूम सकती हैं। अपराध इतना बढ़ा था कि लोग पलायन करने को मजबूर थे।

शाह ने योगी के कोरोना प्रबंधन की भी तारीफ की

श्री शाह ने कहा कि अखिलेश यादव 12 मेडिकल कालेज छोड़ कर गए थे। आज 30 मेडिकल कालेज तक पहुंच गए हैं। पहले 17 हजार करोड़ का धान खरीदा जाता था, आज 38 हजार करोड़ की धान खरीद की जा रही है।

शाह ने योगी के कोरोना प्रबंधन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने कोरोना से होने वाली मौतों को रोका है। योगी सरकार ने देश में कई क्षेत्रों में सबसे ज्यादा काम किया है। सबसे बड़ा काम योगी सरकार ने माफियाओं के खिलाफ एक्शन लिया।

शाह ने यूपी से मांगे 2022 में एक बार फिर 300 के पार

कहा कि आपसे 2022 मांगने आया हूं। 2022 में एक बार फिर 300 के पार सीटें देंगे तो उप्र को देश का नम्बर-वन राज्य बनाएंगे। 2024 में एक बार फिर मोदी सरकार बनानी है तो 2022 में उसकी नींव रखनी पड़ेगी। 2022 में योगी को मुख्यमंत्री बनाएंगे तो 2024 में मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और प्रदेश और देश का विकास होगा। प्रदेश की जनता से हाथ जोड़कर विनती करने आया हूं। एक बार फिर मोदी जी को अवसर दीजिये, योगी जी को मुख्यमंत्री बनाइये।

RELATED ARTICLES

Most Popular