Saturday, April 4, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल उत्तर प्रदेश के स्वच्छ विरासत अभियान को प्रतिष्ठित हडको अवार्ड मिला

 उत्तर प्रदेश के स्वच्छ विरासत अभियान को प्रतिष्ठित हडको अवार्ड मिला

-प्रदेश भर के 75 पर्यटक स्थलों और ऐतिहासिक स्मारकों पर चलाया गया था स्वच्छता अभियान

लखनऊ (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) उत्तर प्रदेश के स्वच्छ विरासत अभियान को देश के प्रतिष्ठित हडको अवार्ड (2022-2023) के लिए चुना गया है। इसके तहत एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार सैनिटेशन कैटेगरी में दिया जाएगा। भारत सरकार के उपक्रम हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से इसकी घोषणा की गई है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को दी है।

नगर विकास मंत्री ने बताया कि केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप पुरी 25 अप्रैल को नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित हडको इण्डिया हैविटेड सेंटर में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।

मंत्री एके शर्मा ने बताया कि प्रदेश के नगरों को ‘गुड टू ग्रेट बनाते हुए वैश्विक नगर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में 14 जनवरी, 2023 यानी मकर संक्रांति के दिन से पतंग महोत्सव के साथ ‘स्वच्छ विरासत’ अभियान की शुरुआत की गई । इसमें प्रदेश के 75 पर्यटक स्थलों और ऐतिहासिक स्मारकों को शामिल किया गया। इस दौरान इन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो, साइट के अंदर प्लॉग रन जैसी गतिविधियों के माध्यम से घाट, तालाब, बाजार समेत अन्य वाणिज्यिक क्षेत्रों की साफ-सफाई में आम जनमानस को शामिल किया गया।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular