किसानों को दसवीं किस्त के रूप में 4845 करोड़ रुपये मिले
लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 02 करोड़ 55 लाख किसानों को अब तक कुल 42565 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। शनिवार को दसवीं किस्त के रूप में प्रदेश के 2.38 करोड़ किसानों के लिए 4845 करोड़ की किस्त जारी की गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 10वीं किस्त जारी की। इसके अंतर्गत देशभर के 10 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसान परिवारों को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई।
प्रधानमन्त्री किसान सम्मान निधि योजना दिसंबर 2018 से लागू की गई। इसके तहत देश के किसानों की आय में वृद्धि के लिए वर्ष में 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके तहत प्रत्येक 04 माह में 2000 रुपये की किस्त दी जाती है। धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जाती है। इस योजना के तहत प्रारम्भ से वर्ष 2021-22 के नवम्बर तक 37720 करोड़ रुपये का कुल लाभ उत्तर प्रदेश के किसानों को दिया जा चुका है। वहीं अब तक प्रदेश के 3.74 लाख किसानों की प्राप्त समस्याओं में से 3.73 लाख किसानों की समस्याओं का ऑनलाइन निराकरण कराया गया।
इससे पहले योजना के सबसे तेज क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश पूरे देश में प्रथम रहा। इसके लिए भारत सरकार ने राज्य को पुरस्कृत किया था।
बृजनन्दन
