Wednesday, January 14, 2026
Homeराष्ट्रीयउत्तरी हवाओं से गिर रहा तापमान, सर्द हवाएं बढ़ाएंगी सिहरन

उत्तरी हवाओं से गिर रहा तापमान, सर्द हवाएं बढ़ाएंगी सिहरन

किसानों के लिए अनुकूल है मौसम, रवी फसल की करें बुवाई

कानपुर(हि.स.)। दीपावली के बाद से लगातार उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ रही है। यह सर्द हवाएं बराबर सिहरन बढ़ा रही हैं और आसमान में काले बादल छाये हुए हैं। इससे धूप भी कमजोर रहती है और रात में सर्द बढ़ती ही जा रही है। सोमवार को फिर न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा 11.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में ठंड में और इजाफा होगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि कानपुर में दीपावली के बाद से ठंड का सुरुर धीरे धीरे बढ़ता जा रहा है। रातें सर्द होने के बाद अब सुबह और शाम भी ठंडी हवाओं ने सिरहन पैदा कर दी है। दिन में सूरज निकलने पर धूप की गर्माहट को हवाओं ने कम करना शुरू कर दिया है। बताया कि हवाओं की दिशा बदलने से अब ठंड बढ़ने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट फिलहाल जारी रहेगी और सोमवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिमी चल रही हैं और सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 93 प्रतिशत व दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 49 प्रतिशत दर्ज की गयी।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे किंतु बारिश की कोई संभावना नहीं है। अतः किसानों को सलाह दी जाती है कि वे खरीफ की खड़ी फसलों की कटाई/मड़ाई तथा रबी की फसलें जैसे-गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, सरसों, अलसी, आलू एवं सब्जियों आदि की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular