लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 3957 नए कोरोना केस मिले और 163 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अब एक्टिव केस की संख्या 69,828 हो गई है। संक्रमण की वजह से अब तक कुल 19,519 लोगों की मौत दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मंगलवार को कुल 10,441 लोगों को अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब तक 15,88,161 मरीजों ने कोरोना को मात देने में सफलता हासिल की है। बता दें कि राजधानी लखनऊ में सीवेज के पानी में कोरोना वायरस की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया है। लखनऊ के पीजीआई ने पानी के सैंपल की जांच की। जिसके बाद पानी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। पीजीआई माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. उज्ज्वला घोषाल ने बताया कि आईसीएमआर-डब्लूएचओ द्वारा देश में सीवेज सैंपलिंग शुरू की गई। इसमें यूपी में भी सीवेज के नमूने लिए गए है। एसजीपीआई लैब में आये सीवेज सैंपल के पानी में वायरस की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में खदरा के रूकपुर, घंटाघर व मछली मोहाल के ड्रेनेज से सीवेज सैंपल लिए गए थे। यह वह स्थान है जहां पूरे मोहल्ले का सीवेज एक स्थान पर गिरता है। 19 मई को इस सैंपल की जांच की गई तो रूकपुर खदरा के सीवेज के सैंपल में कोरोना वायरस पाया गया है। पूरी स्थिति से आईसीएमआर और डब्ल्यूएचओ को अवगत करा दिया गया है।
घोषाल ने कहा कि अभी यह प्राथमिक अध्ययन है। भविष्य में इस पर विस्तार से अध्ययन किया जाएगा। वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी के एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि कोरोना की वजह से शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिवार को मृतक आश्रित कोटे से जल्द नौकरी दी जाएगी, इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो चुका है और प्रक्रिया भी चल रही है। एडीजी एलओ ने कहा कि शासन की ओर से स्वीकृत आर्थिक सहायता भी परिजनों को दी जा रही है।
प्रशांत कुमार ने बताया कि 50 की उम्र पार कर चुके उन पुलिसकर्मियों को कोरोना की फ्रंटलाइन ड्यूटी से हटाया जा रहा है जिनको डायबिटीज, हार्ट, लंग, लीवर से संबंधित बीमारियां हैं। इसके चलते पुलिस फोर्स में आई कमी को दूर करने के लिए 134 कंपनी पीएसी भी दी गई है। पुलिस मुख्यालय से निर्देश जारी किए गए हैं कि कोरोना पॉजिटिव से नेगेटिव हुए पुलिसकर्मियों को सख्त ड्यूटी न दी जाए।
उत्तरप्रदेश में कोरोना वायरस के आए 3957 नए केस, 163 लोगों की मौत
RELATED ARTICLES
