Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउज्जैन पुलिस को मिलेगा पांच लाख का इनाम

उज्जैन पुलिस को मिलेगा पांच लाख का इनाम

एसटीएफ को पुरस्कृत करने के बारे में निर्णय लेगा शासन

प्रादेशिक डेस्क
कानपुर। आठ पुलिसवालों का हत्यारा विकास दुबे को पकड़ने के लिए यूपी सरकार की ओर से एमपी पुलिस को पांच लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। मध्य प्रदेश के उज्जैन महाकाल थाने की पुलिस ने ही उसे गिरफ्तार किया था। उल्लेखनीय है कि बिकरू कांड के बाद विकास उत्तर प्रदेश के टॉप-थ्री अपराधियों में शामिल हुआ था। उस पर शासन की ओर से पांच लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जिससे वह प्रदेश का सबसे बड़ा इनामिया बन गया था। एडीजी जेएन सिंह ने बताया कि एमपी पुलिस ने विकास को महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया था। इसके चलते अब यह इनामी राशि शासन की ओर से एमपी पुलिस को दी जाएगी। इसकी एक रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। दूसरी तरफ एडीजी ने बताया कि एनकाउंटर करने वाली पुलिस और एसटीएफ टीम को कोई इनाम नहीं दिया गया है। इस पर शासन फैसला लेगा। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मार गया। कानपुर के बिकरू गांव में 2 जुलाई को आठ पुलिसकर्मियों की हत्या मामले में विकास दुबे मुख्य आरोपी था। इस वारदात के बाद विकास दुबे पर 5 लाख का इनाम रखा गया था। पुलिस की माने तो उज्जैन से कानपुर लाते समय विकास दुबे ने भागने की कोशिश की। इस दौरान एनकाउंटर हुआ और वह मारा गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular