– शहर में ई बसों का बेहतर चल रहा संचालन, यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही ई बसें
कानपुर (हि.स.)। शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए उच्च तकनीक के साथ एसी से लैस ई बसों का संचालन शुरू किया गया। इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों से समस्याओं को लेकर फीड बैक लिया गया तो अधिकांश यात्री खुश दिखे और बताया कि यह बसें हमारी पहली पसंद बन गई हैं। वहीं किराया को लेकर शिकायत रही कि संभव हो सके तो ऑनलाइन किराया लिया जाए। इस शिकायत को कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (केसीटीएसएल) के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और अब वे उसकी तैयारियों में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही क्यूआर कोड जारी कर दिया जाएगा और क्यू आर को स्कैन कर यात्री ऑनलाइन किराया दे सकेंगे।
वायु प्रदूषण को कम करने के साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से महानगर में पिछले माह ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। यह ई बसें तकनीकी रूप से पूरी तरह से आधुनिक हैं और दिव्यांगों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है ताकि वह भी आसानी से सफर कर सकेंगे। इसके साथ किराया भी शहर में चलने वाले टेंपो आदि वाहनों से अधिक नहीं है। इससे शहरवासियों के लिए यह बसें पहली पसंद बनती जा रही हैं। हाल ही में कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (केसीटीएसएल) के अधिकारियों ने यात्रा करने वाले यात्रियों से फीड बैक लिया कि किसी प्रकार की शिकायत तो नहीं है। इस पर अधिकांश यात्रियों ने खुशी तो जाहिर की लेकिन साथ ही यह भी अपील कि अगर हो सके तो किराया ऑनलाइन लिया जाए तो और बेहतर होगा। यात्रियों की अपील को कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (केसीटीएसएल) के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और उस पर काम भी तेज कर दिया है। पूरी संभावना है कि जल्द ही यात्री ई बसों में ऑनलाइन किराया भी दे सकेंगे।
कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (केसीटीएसएल) के संचालन प्रबंधक डीवी सिंह ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही यात्री जल्द ही क्यूआर कोड को स्कैन कर किराया अदा कर सकेंगे।
अजय
