मेरठ (हि.स.)। नगर निकाय चुनावों को लेकर बुधवार को मेरठ मंडल की आयुक्त सेल्वा कुमारी जे. और मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नचिकेता झा ने कानून व्यवस्था के संबंध में वर्चुअल माध्यम से बैठक ली। आयुक्त ने कहा कि ईवीएम और बैलेट बॉक्स की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाए।
आयुक्त सेल्वा कुमारी जे. और आईजी नचिकेता झा द्वारा सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए कहा। आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करें तथा ईवीएम व बैलेट बॉक्स की सुरक्षा के लिए ट्रांसपोर्टेशन के दौरान आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करें। सभी सेक्टर तथा जोनल मजिस्ट्रेट सुरक्षा बल के साथ संपर्क में रहे। आयुक्त ने चुनाव के दौरान आने वाली शिकायतों जैसे-अवैध शराब, मतदाताओं को पैसे बांटना आदि पर नजर बनाए रखें। उन्होंने मतदान से मतगणना तक की सभी तैयारियों की समीक्षा करके अधिकारियों को निर्देश दिए।
आईजी नचिकेता झा ने जिला बदर, मुचलका पाबंद, अवैध असलाह पर कार्रवाई, शस्त्र जमा करने, निर्वाचन प्रभावित करने वाले संभावित तत्वों का चिन्हीकरण आदि बिन्दुओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में संतोषजनक कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि सैक्टर तथा जोनल मजिस्ट्रेट से मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करवाया गया है। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील केन्द्रों का चिन्हीकरण कर लिया गया है। मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी की व्यवस्था करायी जा रही है। इस अवसर पर मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण समेत अन्य जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुलदीप
