संवाददाता
बहराइच। इंसेफलाइटिस यानी दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य महकमा जहां एक ओर दस्तक अभियान चला रहा है। वहीं इसके इलाज के लिए जनपद के दस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में “इंसेफलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर” (ईटीसी) का संचालन भी किया जा रहा है। यहाँ इमरजेंसी दवाओं के साथ दिमागी बुखार से पीड़ित मरीजों के इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाती है। बीमारी गंभीर होने की दशा में जनपद मुख्यालय स्थिति पीकू वार्ड (बाल सघन इकाई) के लिए मरीज को रेफर भी किया जाता है। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज, फखरपुर, चिरैयाटांड़, पयागपुर, रिसिया, चरदा, नानपारा, मोतीपुर, महसी और शिवपुर में “इंसेफलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर” पाथ संस्था के सहयोग से विगत 2 वर्षों से संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जगह की उपलब्धता के अनुसार ईटीसी वार्ड दो बेड से लेकर 5 बेड का बनाया गया है। यहां पर इमरजेंसी सेवाओं के लिए संबंधित दवाइयां व उपकरण की व्यवस्था की गई है। साथ ही रोस्टर के अनुसार इन वार्डों में मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वाय की ड्यूटी प्रतिदिन लगाई जाती है।
सीएमओ ने बताया कि लगातार एक हफ्ते से बुखार होना, बेहोशी या झटके आना, क्षणिक यदाश्त में परिवर्तन या गर्दन में अकड़न होना दिमागी बुखार के लक्षण हो सकते हैं। उन्होने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान गांव में होने वाली ग्राम स्वास्थ्य एवं स्व्च्छ्ता समिति” की बैठक, माता बैठक व अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की बैठक में दिमागी बुखार से बचाव व इलाज पर चर्चा करने के निर्देश दिये गए हैं। वहीं आशाओं को बताया गया है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई भी दिमागी बुखार के संभावित मरीज मिलते हैं तो वह तुरंत 102 या 108 एंबुलेंस की मदद से अति शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या इंसेफलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर पर पहुंचाएं। सीएमओ ने लोगों से अपील किया कि यदि मरीज में दिमागी बुखार के लक्षण हैं तो झाड़-फूंक के चक्कर में ना पड़कर तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजें, जिससे कि मरीज का सही समय पर इलाज हो सके और वह स्वस्थ हो जाए। इसके लिए 102 और 108 नंबर की एंबुलेंस की निशुल्क सुविधा उपलब्ध है। इस संबंध में जनपद के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जयंत कुमार ने बताया कि दिमागी बुखार से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए जनपद के 10 “इंसेफलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटरों” के अलावा जनपद मुख्यालय के महर्षि बाल्मीकि जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में भी 10 बेड का एक पीकू वार्ड है। यहाँ इमरजेंसी दवाओं के साथ-साथ वेंटिलेटर की भी सुविधा उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें : योगी सरकार ने रद्द की कांवड़ यात्रा
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
