मेरठ(हि.स.)। मेरठ में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अस्पताल के निर्माण की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मंगलवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलकर अस्पताल के लिए पैसा जारी करने और शिलान्यास के लिए मेरठ आने का आग्रह किया।
मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मंगलवार को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेन्द्र यादव से मुलाकात की। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मेरठ महानगर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के 100 बैड के चिकित्सालय के निर्माण के लिए धनराशि जल्दी जारी करने और चिकित्सालय के शीघ्र शिलान्यास के लिए मेरठ आने का आग्रह किया। सांसद ने बताया कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने मेरठ महानगर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के 100 बैड के अस्पताल के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। अस्पताल के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से भूमि उपलब्ध कराने के लिए तत्कालीन श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने यूपी सरकार को पत्र लिखा था। 21 अक्टूबर को प्रदेश सरकार 100 बैड के कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय के निर्माण के लिए ग्राम नंगलाताशी में 2.024 हेक्टेयर जमीन देने का निर्णय लिया। सांसद के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री ने जल्दी ही अस्पताल निर्माण के लिए पैसा जारी करने और शीघ्र ही मेरठ आकर शिलान्यास करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल बनने से क्षेत्र के हजारों कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।
